logo

दिऊड़ी मंदिर में भी मना धोनी का बर्थडे, प्रशंसकों ने काटा केक; गर्भगृह में माही की तस्वीर रख की पूजा

a3923.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

रांची के बुंडू में ऐतिहासिक दिऊड़ी माता मंदिर में क्रिकेट फैंस ने धोनी का जन्मदिन मनाया। मंदिर परिसर में ही प्रशंसकों ने धोनी की तस्वीर के सामने केक काटा। पटाखे जलाये और एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर जश्न मनाया। इन प्रशंसकों में महिलाओं की भी अच्छी-खासी तादाद थी। मंदिर के गर्भगृह में भी धोनी के लिए खास पूजा की गई। प्रशंसकों ने पुजारी की मौजूदगी में पूरे विधि विधान के साथ पूजा की और धोनी की सलामती की कामना की। प्रशंसकों ने धोनी के लिए लंबी आयु का भी वरदान मांगा। 

गर्भगृह में धोनी की तस्वीर रखकर की पूजा
आप देख सकते हैं। ये दिऊड़ी माता मंदिर का गर्भगृह है। सामने मां की प्रतिमा है। प्रतिमा के ठीक नीचे महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर रखी है। ये उस समय की तस्वीर है जब धोनी 2011 में वर्ल्ड कप खेल रहे थे। गर्भगृह में 2 पुरोहित पूजा करवा रहे हैं। सामने ही उनके फैंस पूजा कर रहे हैं। मां की प्रतिमा के सामने ज्योति जलाई गई है। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में ही धोनी का बर्थडे सेलिब्रेट किया गया। महिला प्रशंसकों ने भी केक काटा। धोनी को बर्थडे विश किया और जश्न मनाया। महिलाओं ने कहा कि वे धोनी की बहुत बड़ी फैन हैं। धोनी ने भारतीय क्रिकेट में जो योगदान दिया है, वह अतुलनीय है। धोनी की वजह से ही दुनियाभर में लोग झारखंड और रांची को जानते हैं। यह हमारे लिए गर्व का विषय है। प्रशंसकों ने कहा कि धोनी की प्रति दीवानगी की वजह ये है कि वह बहुत सादगी से रहते हैं। विनम्र हैं। जिनसे भी मिलते हैं, बहुत सम्मान के साथ मिलते हैं। 

दिऊड़ी माता मंदिर से है धोनी का खास रिश्ता
बता दें कि दिऊड़ी मंदिर के साथ धोनी का खास रिश्ता है। धोनी अपने संघर्ष के दिनों से ही यहां अक्सर पूजा करने जाते रहे हैं। कहा जाता है कि दिऊड़ी माता की ही कृपा और धोनी की मेहनत ने उनको दुनिया के महानतम क्रिकेट खिलाड़ियों में शुमार कर दिया। महान खिलाड़ी बन चुके धोनी, पुराने दिन नहीं भूले। वह अब भी अक्सर दिऊड़ी मंदिर में पूजा करने जाते हैं। धोनी जब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलते थे, तब भी किसी भी टूर्नामेंट से पहले दिऊड़ी मंदिर में पूजा करना नहीं भूलते थे। अभी भी हर आईपीएल सीजन के पहले धोनी जरूर दिऊडी माता मंदिर जाते हैं। भक्ति भाव से पूजा करते हैं। वहां के सारे स्थानीय लोग और पुरोहित धोनी से परिचित हैं और धोनी भी उनको जानते हैं। यही वजह है कि दिऊडी मंदिर में धोनी का बर्थडे मनाया गया। 

झारखंड में अलग-अलग अंदाज में मना धोनी का बर्थडे
पूरे राज्य में अलग-अलग अंदाज में धोनी का जन्मदिन मनाया गया। कहीं उनके लिए पूजा रखी गई तो कहीं युवा क्रिकेटरों ने केक काटकर जश्न मनाया। रांची में धोनी के घर के बाहर भी प्रशंसकों की भारी भीड़ जुटी। लोग धोनी को विश करने पहुंचे थे। दूसरे राज्यों से भी लोग धोनी को जन्मदिन की बधाई देने आये थे। हालांकि, धोनी अभी राज्य से बाहर हैं। हालांकि, धोनी के माता-पिता ने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और उनको केक और मिठाई खिलाई। धोनी के लिए ये बर्थडे खास है क्योंकि, टीम इंडिया ने 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप जीता है। धोनी ने इसे प्राइसलेस बर्थडे गिफ्ट भी बताया था। 

Tags - DhoniMS DhoniDhoni BirthdaySports